संदेश

अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता लेबल वाली पोस्ट दिखाई जा रही हैं

भय अजय होने न दूँगी

  इस अपरिमित ऊर्जा का तनिक क्षय होने न दूँगी। भय अजय होने न दूँगी। केंद्र को विकेन्द्र होते देखना असहाय होकर। यत्न कोई भी न करना हो खड़े निरुपाय होकर। ये सदा सामर्थ्य की लगती मुझे अवहेलना है। इसलिए बिखराव के ये चक्र सारे भेदना है। गति सुगन्धों की हवाओं से मैं तय होने न दूँगी। भय अजय होने न दूँगी। चेतना की दृष्टि ही विस्तार से परिचय कराती। फिर न कोई शक्ति हमसे व्यर्थ का अभिनय कराती। सीख जाते हम अगर हर सत्य अंगीकार करना। फिर बहुत आसान है जीवन सहज स्वीकार करना। अब ये मानस का गगन मैं धुँधमय होने न दूँगी। भय अजय होने न दूँगी। बाह्य जीवन पर जगत का भी तो कुछ अधिकार होता। आंतरिक जीवन मगर इस चित्त के अनुसार होता। बस यहीं मैं आत्मा का मांगलिक शृंगार करके। और फिर प्रतिबिंब से उसके रहूँगी सज सँवर के। सृष्टि के शाश्वत नियम की भंग लय होने न दूँगी। भय अजय होने न दूँगी। सोनरूपा १६ जनवरी २०२२ {मन के बिखराव को एकत्र करने की जो कुछ चेष्टायें हैं उनमें से एक लिखना है.ये गीत इसी की परिणति है}

गोपालदास नीरज की जन्मजयंती पर

चित्र
  नीरज जी पीड़ा के,दर्शन के,प्रेम के कवि कहलाए जाते हैं। गीतों के वो प्रथम हिमालयीन निर्मल जल जिसका यदि आचमन कर लिया जाए तो जीवन से परिचय हो जाये। प्रीति से प्रतीति की एक डोर। जीवन के प्रारब्ध को बाँचता हुआ संत स्वर जिसका शब्द-शब्द मंत्र हो यानी गोपालदास 'नीरज'।आज उनकी जन्मजयंती है।वो स्वयं को अपने गीतों की सन्तूरी ध्वनियों में स्पंदित कर गए हैं। उन्हें विनम्र प्रणाम प्रेम का पंथ सूना अगर हो गया, रह सकेगी बसी कौन-सी फिर गली? यदि खिला प्रेम का ही नहीं फूल तो, कौन है जो हँसे फिर चमन में कली? प्रेम को ही न जग में मिला मान तो यह धरा, यह भुवन सिर्फ़ श्मशान है, आदमी एक चलती हुई लाश है, और जीना यहाँ एक अपमान है, आदमी प्यार सीखे कभी इसलिए, रात-दिन मैं ढलूँ, रात-दिन तुम ढलो। प्रेम-पथ हो न सूना कभी इसलिए, जिस जगह मैं थकूँ, उस जगह तुम चलो। #गोपाल_दास_नीरज

मन नया बना रहे

चित्र
  मन नया बना रहे पिछले तीन-चार साल से नए साल पर कोई रेसोल्यूशन लेना छोड़ दिया.ऐसा भी नहीं कि जब पहले संकल्प लेती थी तो उसे पूरा करने की कोशिश नहीं करती थी या पूरे नहीं कर पाती थी.कितने संकल्प लिए और पूरे भी किये.लेकिन धीरे-धीरे लगने लगा कि केवल नया साल ही नहीं जीवन का हर आने वाला पल नया है और वो नया पल क्या स्थिति ला दे,क्या प्रेरणा दे दे,क्या ज़िद ठनवा दे कुछ नहीं पता. उसके परिणाम में कुछ मनचाहा हो जाये तो अच्छा लगता है और नहीं भी कुछ मिलता तो भी ये कहते देर नहीं लगाती कि अरे तो क्या हुआ जो नहीं मिला ? नहीं मिलना था सो नहीं मिला. सुख के भी अपने पैमाने बन गए हैं.अब तो जी खोल के तब भी ख़ुश हो जाती हूँ जब अपने आप कोई हर्बल टी इंवेंट कर लेती हूँ और उसका सिप ले लेकर अपनी पीठ थपथपाती हूँ. चेहरे पर बढ़ते फ्रेकल्स की चिंता भी कम हुई और चेहरे पर बिना कुछ लगाए बाहर जाने की इच्छा अब पूरी करने लगी हूँ तो उस पर भी ख़ुश हूँ. कितना कम जानती हूँ और कितना अधिक है जानने को इसका मलाल अब कम होता है क्योंकि ये भी पहचान गयी हूँ कि जब चुनिन्दा चीजों को जानने में मैं ही जी लगाती हूँ तो क्यों बिना जी वाला काम ...

मेरी कल्पित अभिलाषा को, तुम ऐसा विन्यास तो देना

चित्र
  मेरी कल्पित अभिलाषा को तुम ऐसा विन्यास तो देना, बेशक मेरे साथ न चलना पर अपना एहसास तो देना. जैसे अँखुआती धरती भी फूलों की आशा होती है जैसे बूँदों की छन-छन भी अम्बर की भाषा होती है तुम भी ऐसा आलम्बन बन, मुझको इक उल्लास तो देना. डग भर की दूरी को शायद हम दोनों ही नाप न पाएं उष्म क्षणों के अनुपम अनुभव की शायद हम भाप न पाएं फिर भी रिक्त-रिक्त पावस को सिक्त-सिक्त मधुमास तो देना. विधि का लेखा मेट सके जो ऐसी विधि हमने कब जानी पास नहीं है जो अपने वो निधि हमने अपनी कब मानी लेकिन सबकुछ पा लेने का, तुम मुझको विश्वास तो देना. #sonroopa_vishal
चित्र
अटल जी, ईश्वर से कहिएगा जिस मिट्टी से आपको बनाया उसी मिट्टी से सारे नेताओं को बनाये।क्यों कि आप अनुपम थे,आपके लोग प्रतिद्वंदी तो रहे लेकिन विरोधी नहीं कितनी बड़ी ख़ासियत थी ये आप की।कितने संवेदनशील कवि,कितने दृढ़ निश्चयी,उत्कृष्ट वक्ता,स्वच्छ राजनीति के हरेक मापदंडों पर खरे। बड़ी लकीर खींच गए हैं आप इससे बड़ी लकीर खींचने वाले आप जैसे अजातशत्रु राजनीति को हमेशा ज़रूरत रहेगी। आप लम्बी उम्र जी कर भी गए और लंबे वक्त तक राजनीति में सक्रिय रह कर भी गए ये संतोष है। दोबारा आइये इस धरती पर फिर से एक युग पुरुष के रूप में। आपको विनम्र प्रणाम। _/\_ ~सोनरूपा #पुण्यतिथि  

|| हिन्दी कवि सम्मेलनों में कवयित्रियों की गौरवशाली परंम्परा || इंदिरा इंदु

चित्र
|| हिन्दी कवि सम्मेलनों में कवयित्रियों की गौरवशाली परंम्परा || नवम पुष्प : इंदिरा इंदु अपने गरिमापूर्ण व्यक्तित्व और सशक्त कविताओं की उत्तम एवं सुरीली प्रस्तुति के कारण काव्य मंचों पर एक अलग और उल्लेखनीय पहचान रखने वाली कवयित्री इंदिरा इंदु जी को आज इस सीरीज़ के माध्यम से प्रणाम कर रही हूँ। महादेवी वर्मा,सुमित्रा कुमारी सिन्हा और स्नेहलता श्रीवास्तव के बाद इंदिरा इंदु मंच से जुड़ी ही नही देश भर में छा गईं। पिता जी डॉ. उर्मिलेश ने 1975 के आसपास से कवि सम्मेलनों के अत्यधिक पसंद किए जाने वाले कवि के रूप में प्रतिष्ठा पा ली थी।बचपन से मैंने देश के अनेक शहरों के नाम सुन लिए थे।लेकिन मुरैना शहर न केवल इसीलिए कि पिता जी वहाँ कविसम्मेलनों में जाते हैं बल्कि इसीलिए भी मेरे लिए परिचित शहर था कि वहाँ इंदिरा इंदु आँटी रहती हैं। मुझे बचपन की कुछ झलकियाँ आज भी याद हैं।जब मैंने पहली बार उन्हें देखा था और मैं उनके लंबे क़द,गले में रुद्राक्ष की माला,घुँघराले लंबे बाल,चौड़े माथे पर लम्बा लाल टीका देख कर बड़ी प्रभावित हुई थी।कद्दावर लगती थीं काफ़ी। मुझे याद है कि जाड़ों में हाई नेक स्कीवी पहना करती थीं साड़ी क...

|| हिन्दी कविसम्मेलनों में कवयित्रियों की गौरवशाली परम्परा || सुमित्रा कुमारी सिन्हा

चित्र
  ||हिन्दी कविसम्मेलनों में कवयित्रियों की गौरवशाली परम्परा|| अष्टम पुष्प:सुमित्रा कुमारी सिन्हा सन 1913 में फ़ैज़ाबाद,उत्तर प्रदेश में जन्मी प्रसिद्ध कवयित्री एवं कहानीकार सुमित्रा कुमारी सिन्हा अपने समय की एक बेहद प्रशंसित,चर्चित एवं उल्लेखनीय नाम रहीं। उन्हें छायावाद और यथार्थवाद के सेतु के रूप में पहचाना जाता है। इन्होंने अपने साहित्यिक जीवन का प्रारम्भ कवयित्री के रूप में किया था।प्रथम काव्य संकलन 'विहाग' के लिए इन्हें इलाहाबाद में एक प्रतिष्ठित सम्मान से सम्मानित किया गया। बाल उपयोगी साहित्य और रेडियो रूपक के क्षेत्र में भी इन्होंने व्यापक लेखन किया।इनके तीन काव्य संग्रह 'विहाग','आशा पर्व','बोलों के देवता' प्रकाशित हैं। आज से इतने वर्ष पूर्व जब स्त्रियों का जीवन अत्यंत विसंगतियों भरा था ऐसे समय में भी उनकी कविताओं में स्वाभिमान एवं अपने अस्तित्व के प्रति सजग रहने वाली स्त्री नज़र आती है। सुमित्रा जी 17 वर्ष की उम्र में विवाह हो गया।पति ज़मीदार परिवार से थे।पति का साहित्यिक और सामाजिक जीवन मे इन्हें ख़ूब सहयोग मिला।सुमित्रा जी तीन बेटों एवं एक बेटी की ...

जब रिश्ते में साँस नहीं है

चित्र
  ||गीत|| जब रिश्ते में साँस नहीं है फिर कैसे स्पंदन होगा। बेल तभी तो पुष्पित होगी जब कोई आलम्बन होगा। जो अनुभूत किया है मैंने उसको तो स्वीकारूँगी मैं जो स्पष्ट नज़र आया है उसको क्यों भ्रम मानूँगी मैं जब सब बादल छँटे हुए हैं क्यों बूँदों का नर्तन होगा। अब जब कोई चाह नहीं है तो आख़िर क्यों राह तकूँ मैं जब निर्णय की छाँह तले हूँ क्यों विचलन की धूप चखूँ मैं इन्हीं कुन्दनी किरणों से मेरे घर में आलेपन होगा। प्रेम बहुत बारीक भाव है प्रेम नहीं स्थूल तत्व है प्रेम अकथ को है सुन लेना प्रेम विरल है,प्रेम सत्व है जो अनुभूत स्वत: करना था उसका भी आवाहन होगा ? आस बाँधने,बाट जोहने का अब कोई अर्थ नहीं है मुझमें अब पीड़ा सहने का चुटकी भर सामर्थ नहीं है मेरे इस स्वाश्रयी मनन का मुझसे ही अभिनंदन होगा। मैं इक पुस्तक नहीं कि जिसको जब मन हो तब पलटा जाये मैं अब वो किरदार नहीं हूँ जो तुमको जी भर दुलराये मुझमें उपजी निस्पृहता में तनिक नहीं परिवर्तन होगा। बेल तभी तो पुष्पित होगी जब कोई आलम्बन होगा। सोनरूपा २९ जुलाई २०२१

एक गिलहरी

  एक गिलहरी कभी पीपल,कचनार,गूलर,कदम्ब,आम तो कभी नीम,आंवला,सहजन,जामुन,शरीफे के प्यारे-प्यारे पौधे अपनी स्कूटी के आगे के हिस्से में रखकर रखकर हवा से बातें करता हुआ,मुस्कुराता ये पति पत्नी का जोड़ा जीवन की सार्थकता का चलता फिरता प्रमाण है। दरअसल हमारे बदायूँ शहर के सुनील गुप्ता एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती सोनिका गुप्ता की दिनचर्या में रोज़ पौधे रोपना शामिल है।दोनों शहर में ख़ाली जगह चिन्हित कर ख़ूब फलदार,छायादार पौधे रोपते हैं और उनकी निरन्तर देखभाल करते हैं।बच्चों की तरह पालते पोसते हैं।उन्हें बड़ा और मज़बूत करते हैं।पूरे शहर द्वारा उनको अपने इस नेक प्रयास के लिए सम्मान और स्नेह दिया जाता है।हरी भरी धरा के लिए कृत संकल्पित इस दम्पति ने अपनी इस शानदार यात्रा का नाम 'एक गिलहरी'रखा है।उनका कहना है जिस तरह रामसेतु में एक गिलहरी का नन्हा सा योगदान था वैसे ही हमारा भी पर्यावरण के लिए ये छोटा सा योगदान है। इस पर्यावरण दिवस पर इन्होंने अपने इन सुंदर प्रयासों के मनके में एक मनका मुझसे भी जुड़वाया।पर्यावरण दिवस पर बरेली रोड स्थित हमारे खेत और बगिया में कदम्ब,नीम,आंवला,हरण,सहजन के पौधे लगवाए।हमारे ...

सहने वाले कमाल करते हैं

  किसी ने हमें उजाला कहा हमें अच्छा लगा।हम दीपक की तरह प्रज्वलित रहना उसके समक्ष ज़रूरी मान लेते हैं । कोई हमें ऊर्जा कह-कह कर अभ्यस्त कर देता है एक नदी सा परिवर्तित होने में ।हम नदी से कल कल बहने लगते हैं,हमारी ऊर्जा भी साझी होने लगती है जल की तरह। हम बिना देरी किये एक घने तरुवर में बदल जाते हैं जब कोई हमें शीतल छाँव सा बताता है।उसके धूप से दुख पर छाँव सा सुख बन कर छा जाने की हमारी जैसे अब ज़िम्मेदारी है। हम रात में भी उजाला चीन्हने की पुरज़ोर कोशिश में लगे रहते हैं जब कोई हमें भोर सा सकारात्मक कह कर परिभाषित करता है। कोई हमें सुगंध कहता है हम ख़ुद को रोक नहीं पाते अपने भीतर के वो सारे पराग कण बटोरने में जो हमें और सुगंधित कर दें। हमें कोमल बताते हुए फूलों की उपमा दी जाती है और दिया जाता है हमें अपनी कोमलता को सिद्ध करने का अपरोक्ष दबाव भी।हम सहने लगते हैं काँटों से कटाक्ष और पीड़ाओं की पैनी हवाएँ क्यों कि हम तो फूल हैं। हमारे व्यक्तित्व के सहज गुण कब हमारे आवश्यक गुण बना दिये जाते हैं हम जान ही नहीं पाते।लोग अपनी रिक्तियों को विभक्त करने के लिए हमें उन से सिक्त कर जाते हैं।ख़ुद को भारह...

||हिन्दी कवि सम्मेलन और कवयित्रियों की गौरवशाली परम्परा||

  ||हिन्दी कवि सम्मेलन और कवयित्रियों की गौरवशाली परम्परा|| "क्यों न किताबों से फूल निकालें" हिन्दी कवि सम्मेलनों के गौरवशाली इतिहास पर यदि कुछ जानना चाहा तो पढ़ने के लिए सामग्री भी ख़ूब मिली और चर्चाएँ, संस्मरण भी कम न थे इसे बेहतर तौर से जानने के लिए। मेरे साथ एक प्लस पॉइंट ये भी था कि मेरा परिवार भी कविता से दादा-परदादा से लेकर अब तक जुड़ा रहा है लेकिन कवि सम्मेलनीय परम्परा के एक बड़े नाम के रूप में पिता जी का ही उल्लेखनीय स्थान बना। तो थोड़ी बहुत जानकार इस तरह से भी हुई मैं।हालाँकि एक बच्ची की तरह मतलब नहीं रखती थी इस सम्बंध में और रखती भी क्यों ? ख़ैर पिछले कुछ वर्षों में जो कुछ जानना चाहा उसमें से ये भी एक जिज्ञासा थी कि कवि सम्मेलनों में वो कौन-कौन सी कवयित्रियाँ थीं जिन्होंने इस गौरवीली परम्परा में अपनी उपस्थिति और कविताओं से एक उत्कृष्ट कवयित्री के रूप में कवि सम्मेलन में प्रतिनिधित्व किया और आदर्श बन गयीं उनके लिए जिन्हें कविता और मंच के ग्रेस से सरोकार था। ये तो स्प्ष्ट है कि कविता उन्हीं बातों का सरल,ग्राह और सुंदर रूप है जिसे हमारे धर्मगुरु,दार्शनिक,इतिहासकार,राजनीति...

परशुराम जयंती विशेष

चित्र
  आज अक्षय तृतीया चिरंजीवी भगवान् परशुरामजी के जन्मोत्सव का दिन है। सनातन धर्म में तीन 'राम' विष्णु के अवतार हैं। परशुरामजी, रामजी और बलरामजी। इनकी एकसाथ 'राम-त्रय' कहकर स्तुति की जाती है। लेकिन दुर्भाग्यवश आज परशुराम और राम को हीन राजननीतिक दृष्टिदोष के कारण जातीय परिमाप से नापने की कोशिश होती दिख रही है। नदी, पर्वत, पशु, पक्षी, तीर्थ, व्रत, त्याग, युद्ध और प्राणिमात्र के साथ चारों वर्णों के असंदिग्ध महत्व का प्रतिपादन कभी रोका नहीं जा सकता। साथ ही किसी एक को सम्मान देना अन्यों का अपमान नहीं हो सकता। अपितु एक के यशवर्णन में प्रसंगतः और परोक्षतः सभी का महत्त्व संसूचित होता है। यही हमारी संस्कृति की अद्भुत बिनावट है। अंत में यह कह दें कि भगवान् परशुरामजी क्षत्रियों के विरोधी नहीं, अपितु विलासी और प्रजापालन में दोषी क्षत्रपों के विरुद्ध महाक्रांति के प्रतीक थे। जिसकी जरूरत आज भी जस की तस है। ऐसा न होता तो श्रीराम को पहचानकर वे शस्त्र रख क्यों देते? वस्तुतः दशरथनन्दन राम को भगवान् होने का प्रमाण क्रमशः तीन प्रतापी ब्राह्मणों ने ही दिया। प्रारंभ में महर्षि वशिष्ठ ने प्रेम स...