संदेश

ख्वाहिश लेबल वाली पोस्ट दिखाई जा रही हैं

डॉ. उर्मिलेश और हिन्दी ग़ज़ल

चित्र
  आदरणीय वसीम बरेलवी जी पापा डॉ. उर्मिलेश की सृजन यात्रा के साक्षी रहे हैं. इसीलिए उनको 'डॉ. उर्मिलेश और हिन्दी ग़ज़ल' देने का जब अवसर मिला तो मुझे बहुत अच्छा लगा. धीरे-धीरे किताब उन हाथों में पहुँच रही है जहाँ इसे होना चाहिए था. पुस्तक प्राप्त करने के लिए आप इस लिंक पर जाएं https://www.amazon.in/.../ref=cm_sw_r_apan_glt_fabc... #drurmilesh

मुझको मंज़िल तक ले जाने वाले सब गलियारे प्रिय हैं

चित्र
  सूर्य उदय के बानक बनकर आये जो अँधियारे प्रिय हैं। मुझको मंज़िल तक ले जाने वाले सब गलियारे प्रिय हैं। जाने कितनी मंशाओं ने आरोपों की झड़ी लगाई मेरी स्वीकृति के द्वारे पर विद्वेषों की कड़ी लगाई मुझे देखकर चुभन सह रहे नयन मुझे पनियारे प्रिय हैं। मुझको मंज़िल तक ले जाने वाले सब गलियारे प्रिय हैं। आत्मचेतना की क्यारी में मेरे श्रम के फूल खिले जब उन्हें देख अनुकूल हवाओं के भी रुख़ प्रतिकूल मिले तब चकित हुई थी किंतु आज वो स्याह मुझे उजियारे प्रिय हैं। मुझको मंज़िल तक ले जाने वाले सब गलियारे प्रिय हैं। प्रश्न न होते तो उत्तर देने को क्या मैं उद्यत होती समय नहीं जो अवसर देता क्या ख़ुद से मैं अवगत होती मुझको संकल्पित नद करते ये सारे नदियारे प्रिय हैं। मुझको मंज़िल तक ले जाने वाले हर गलियारे प्रिय हैं। मुझे विरोधों,अवरोधों ने नित नूतन संकल्प दिए हैं जिन तीरों से घाव मिले मैंने उनसे ही घाव सिए हैं सुदृढ़ हुई जिन पर चलकर मैं कंटक वो अनियारे प्रिय हैं। मुझको मंज़िल तक ले जाने वाले हर गलियारे प्रिय हैं। सोनरूपा २२-१२-२१ {मुख़ालफ़त से मेरी शख़्सियत सँवरती है मैं दुश्मनों का बड़ा एहतराम करता हूँ ~बद्र साहब ब...

अपने जज़्बात रोकना सीखा, मैंने दरिया को सोखना सीखा

चित्र
  ||ग़ज़ल|| अपने जज़्बात रोकना सीखा, मैंने दरिया को सोखना सीखा. पहले दिल से मैं काम लेती थी, अब ज़हन भी टटोलना सीखा. जिस पे चलती थी बेसबब अब तक, मैंने रस्ता वो छोड़ना सीखा. घर की खिड़की ही खोलती थी मैं, मन की खिड़की भी खोलना सीखा. रोज़ लिख-लिख के चिट्ठियाँ ख़ुद को, मैंने चुपचाप बोलना सीखा. अपनी ख़ुश्बू को लौटता पाकर, फूल सारे बटोरना सीखा. सोचते वक़्त तेरे बारे में, अपने बारे में सोचना सीखा. #sonroopa_vishal #indianpoetess #hindigeet #hindipoetry #प्यार_होता_नहीं_तो_होता_क्या

छठ पर्व पर

चित्र
  इधर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में छठ नहीं होती.लेकिन जब से संचार के माध्यम बढ़े तब से त्योहार केवल विशेष क्षेत्र के न हो कर सबके से हो गए.और हम भारत वासी हैं भी तो उत्सव प्रेमी.हर त्योहार मनाना चाहते हैं.हमारे यहाँ मेरा-तुम्हारा नहीं बल्कि एकत्व प्रबल है. अभी घर लौटी तो सबसे पहले टी.वी. खोला.उत्सुक थी अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देती हुई स्त्रियों को देखने के लिए.इस समय लंबी माँग भरी,चटक साड़ियाँ पहनी व्रती स्त्रियाँ पूजन सामग्री लिए जल में बस उतर ही रही हैं पूजन के लिए.कितना कठिन व्रत होता है छठ का लेकिन निष्ठा और आस्था के समक्ष सारी कठिनाइयाँ हार जाती हैं. सूर्य को कृतज्ञता ज्ञापित करते,अपने परिवार की सुख समृद्धि की कामना करते जनसैलाब को देख कर मुझे भी पिछले वर्ष इलाहाबाद में बहती संगम की धारा और उसमें झिलमिलाती डूबते सूर्य की किरणों के मद्दम होते हुए वो दृश्य याद आ गए जिन्हें मैंने जी भर जिया था. इस समय भी मेरे पास न बहंगी है,न आसपास नदी,न पोखर, न छठ का परिवेश लेकिन मन है आराधना का. जिसे स्वीकारें सूर्य देवता. आप सबको छठ की शुभकामनाएं.आपके परिवार पर छठी मैया का आशीर्वाद बना रहे. मेरा...

ये है हिंदुस्तान हमारा प्यारा हिन्दुस्तान

चित्र
  || वंदन गीत || आप सभी को 75 वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं क़िस्मत वालों को मिलता है ऐसा देश महान। ये है हिंदुस्तान हमारा प्यारा हिंदुस्तान। धर्म अलग हैं, वेश अलग हैं, अलग-अलग हैं बोली फिर भी इक दूजे के बनकर रहते सब हमजोली जैसे अलग-अलग फूलों से बन जाती है माला जैसे रंग कई मिल कर रच देते हैं रंगोली ऐसे प्यारे मंज़र पर लाखों मंज़र क़ुर्बान। ये है हिन्दुस्तान हमारा प्यारा हिंदुस्तान। अलबेले त्यौहार हैं इसके, संस्कृतियाँ हैं अनगिन जगमग दीवाली-सी रातें, होली से रंगीं दिन पर्वत, नदियाँ, सागर, फ़सलें, मौसम हैं धन-दौलत शून्य लगे अस्तित्व हमारा इक पल भी इसके बिन जन्म यहाँ लेकर मिल जाए जीवन को सम्मान। ये है हिन्दुस्तान हमारा प्यारा हिंदुस्तान। सत्य, अहिंसा, प्रेम, दया के गीतों का ये स्वर है दुश्मन के क्षय को लेकिन रहता हरदम तत्पर है दंश कई झेले हैं इसने घाव कई हैं झेले शक्ति और दृढ़ता के बल पर भारत अजर-अमर है आदि काल से विश्व गुरु की है इसकी पहचान। ये है हिंदुस्तान हमारा प्यारा हिन्दुस्तान। #India #Independencedayindia

|| हिन्दी कवि सम्मेलनों में कवयित्रियों की गौरवशाली परंम्परा || इंदिरा इंदु

चित्र
|| हिन्दी कवि सम्मेलनों में कवयित्रियों की गौरवशाली परंम्परा || नवम पुष्प : इंदिरा इंदु अपने गरिमापूर्ण व्यक्तित्व और सशक्त कविताओं की उत्तम एवं सुरीली प्रस्तुति के कारण काव्य मंचों पर एक अलग और उल्लेखनीय पहचान रखने वाली कवयित्री इंदिरा इंदु जी को आज इस सीरीज़ के माध्यम से प्रणाम कर रही हूँ। महादेवी वर्मा,सुमित्रा कुमारी सिन्हा और स्नेहलता श्रीवास्तव के बाद इंदिरा इंदु मंच से जुड़ी ही नही देश भर में छा गईं। पिता जी डॉ. उर्मिलेश ने 1975 के आसपास से कवि सम्मेलनों के अत्यधिक पसंद किए जाने वाले कवि के रूप में प्रतिष्ठा पा ली थी।बचपन से मैंने देश के अनेक शहरों के नाम सुन लिए थे।लेकिन मुरैना शहर न केवल इसीलिए कि पिता जी वहाँ कविसम्मेलनों में जाते हैं बल्कि इसीलिए भी मेरे लिए परिचित शहर था कि वहाँ इंदिरा इंदु आँटी रहती हैं। मुझे बचपन की कुछ झलकियाँ आज भी याद हैं।जब मैंने पहली बार उन्हें देखा था और मैं उनके लंबे क़द,गले में रुद्राक्ष की माला,घुँघराले लंबे बाल,चौड़े माथे पर लम्बा लाल टीका देख कर बड़ी प्रभावित हुई थी।कद्दावर लगती थीं काफ़ी। मुझे याद है कि जाड़ों में हाई नेक स्कीवी पहना करती थीं साड़ी क...

|| हिन्दी कविसम्मेलनों में कवयित्रियों की गौरवशाली परम्परा || सावित्री शर्मा

चित्र
  || हिन्दी कविसम्मेलनों में कवयित्रियों की गौरवशाली परम्परा || षष्टम पुष्प : सावित्री शर्मा "जी करता है नेह जियें एकाकीपन खलता। कितना कुछ भी करें हमारे संग संग चलता" सावित्री शर्मा गीत विधा की अत्यंत सम्वेदनशील कवयित्री रही हैं।2 अगस्त 1936 को लखनऊ में जन्मी श्रीमती सावित्री जी ने लखनऊ विश्वविद्यालय से हिन्दी विषय में परास्नातक की उपाधि प्राप्त की एवं भातखण्डे विश्वविद्यालय से संगीत गायन की भी विधिवत शिक्षा प्राप्त की। श्रीमती सावित्री शर्मा जी का पहला काव्य संग्रह 'अक्षरा' नाम से प्रकाशित हुआ।प्रथम काव्य कृति के साथ ही उनका नाम उन कवियों में गिना जाने लगा जिनका काव्य मंचों पर भी स्वागत होता था और उनकी कृतियों के माध्यम से पाठकों और समीक्षकों द्वारा भी उन्हें ख़ूब सराहा जाता। साहित्यिक पत्रिका 'नवनीत'के पूर्व सम्पादक डॉ. गिरिजा शंकर त्रिवेदी कहते हैं- 'पिछले तीन दशकों में सावित्री जी ने हिन्दी काव्य-उपवन में अपने लिए एक विशिष्ट स्थान बना लिया है।मंच,रेडियो,दूरदर्शन,पत्र-पत्रिकाओं आदि प्रचार-माध्यमों ने उन्हें मुक्त कंठ से सराहा और श्रोताओं ने मनोमुग्ध भावन...

पांडुलिपि पूरी करें हम प्यार की

चित्र
  अक्सर प्रणय की पाण्डुलिपि मुद्रित तो हो जाती है लेकिन अपूर्ण रह जाती है।'काश ऐसा होता' वाला एक भाव हमेशा बना रहता है।परन्तु ऐसे क्षण भी आते हैं जब युगल एक दूसरे के साथ सम्पूर्णता का अनुभव करते हैं।इन्हीं भावनाओं का एक गीत। पांडुलिपि पूरी करें हम प्यार की, भाग्य को लिख पंक्तियाँ आभार की। साथ मिल हमने रचा है प्रीत को जी रहे हैं श्वांस में संगीत को भावविह्वल है हमारी ज़िन्दगी देख कर हम पर ह्रदय की जीत को इन पलों के सागरी विस्तार की, पांडुलिपि पूरी करें हम प्यार की। हम क्षणों को गूँथ लें इतना सघन गंध से आबद्ध ज्यों रहता सुमन शिल्प हो जैसे कि हिम की शृंखला बस नदी सा हो तरंगित हर कथन आसमां जैसे विशद आकार की, पांडुलिपि पूरी करें हम प्यार की

मैं बस मैं हो जाऊँ

चित्र
  कोई प्रतीक न हो कोई उपमा न हो न कोई नाम हो न कोई रूप हो उस घटने का जिसे मैं अपने भीतर घटते हुए देखूँ वो मेरे होंठों की तृप्त मुस्कुराहट और बन्द आँखों से टपकते आँसुओं में नज़र आये अपनी क्रियाओं की मैं दृष्टा बनूँ अपनी संज्ञा की मैं साक्षी उन सारे कारक को द्वार मानूँ जो मुझे मुझमें प्रवेश करवाएं मैं बस मैं हो जाऊँ जैसे हवा हवा है फूल फूल है सूर्य सूर्य है रात रात है वैसे मैं मैं हो जाऊँ सोनरूपा २६ मई २०२१

हिन्दी ग़ज़ल और डॉ. उर्मिलेश (परिचय)

चित्र
  ख़ुश हूँ कि आख़िर डेढ़ वर्ष की समवेत मेहनत का परिणाम आ ही गया इस संग्रह के रूप में। और आज के दिन इसकी सूचना मैं इसीलिए भी देना चाहती थी जिस दिन डॉ. उर्मिलेश ने अपने जाने का दिन चुना उसी दिन हमने उन्हें अपने भीतर ज़िंदा रखने को चुना। समकालीन ग़ज़ल के सर्वाधिक सक्रिय-सार्थक ग़ज़लकारों की अग्र पँक्ति में डॉ उर्मिलेश के नाम का उल्लेख किया जाता है।हिन्दी ग़ज़ल की यात्रा,परम्परा और विकास का अगर अध्ययन करना है तो डॉ उर्मिलेश को पढ़े बिना ये अधूरा रहेगा।इसमें कोई दो राय नहीं हैं।न केवल उनकी ग़ज़लें वरन उनका चिन्तनशील गद्य साहित्य भी हिन्दी ग़ज़ल के प्रति उनकी दृष्टि को समझने के लिए अत्यंत आवश्यक है।इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए डॉ उर्मिलेश ग़ज़ल के लिए अनथक श्रम और समर्पण को एक जिल्द में बाँधने का कार्य 'हिन्दी ग़ज़ल और डॉ. उर्मिलेश' के रूप में शीघ्र ही आपके सामने होगा। वरिष्ठ कवि एवं हिन्दी ग़ज़ल के अध्येता आदरणीय हरेराम समीप जी की प्रेरणा और निरन्तर परामर्श से मैं इस संग्रह के सम्पादन का बीड़ा उठा पाई।मुझ पर उनके विश्वास और अपने अभिन्न मित्र उर्मिलेश के द्वारा ग़ज़ल में योगदान के प्रति उनकी निष्ठा ...

ईद मुबारक

चित्र
  भले ही इस बार बाज़ारों में,दुकानों में,मेलों में,गलियों में पहले सी रौनक नहीं होगी।कोई हामिद दादी को मेले से चिमटा न ला पाएगा।इस बार सिवइयों की कटोरियाँ भी दोस्तों के हाथ में नहीं होंगी।गले बिन मिले रह जाएंगे।महबूबा को नए लिबास में न देख पाना आशिक़ को कितना अखरेगा।लड़कियाँ आँक नहीं पायेंगी कि उसका झुमका मेरे झुमके से सुंदर कैसे? चूड़ियाँ खनकने को बेताब ही रह जायेंगी।बच्चे ईदी ख़र्चने को। लेकिन अपनी पूरी सज धज के साथ, रौशनी से लबरेज़, आसमान में ईद की मुनादी करने वाला चाँद ख़ुशियों और उम्मीदों का अब्र लेकर आया है ईद के ज़रिए। उसे मायूस नहीं करना है हमें इसीलिए आइए मेरे साथ कहिए- इक अरसे से अच्छे पल दीद नहीं अब तक देखी ऐसी कोई ईद नहीं लेकिन मेरे चाँद तुझे ये बतला दें, बेबस हैं हम लेकिन नाउम्मीद नहीं #ईद_मुबारक

माँ

चित्र
  शाम सी नम,रातों सी भीनी,भोर सी है उजियारी माँ, मुझमें बस थोड़ी सी मैं हूँ मुझमें बाक़ी सारी माँ. जब मुश्किल हालात के अंगारों से हमको आँच मिली, बारिश सी शीतलता हमको देती रही हमारी माँ. कैसे भी ख़र्चे हों उनको वो पूरा कर देती हैं, रखती है मासूम से मन में बनिए सी हुश्यारी माँ. कितनी बार उसे देखा था मैंने ऐसे रूप में भी, होंठों पर मुस्कान लिए है आँखों में लाचारी माँ. माँ की सूरत और सीरत का कैसे मैं गुणगान करूँ, फूल सा चेहरा,कोकिल वाणी,पूजा की अग्ज्ञारी माँ. #Mothersday2021

आँखों की मनमानी को ख़ामोश रखा

आँखों की मनमानी को ख़ामोश रखा मैंने बहते पानी को ख़ामोश रखा।  क़िस्मत ने बचपन इतना बदरंग किया, बच्चों ने नादानी को ख़ामोश रखा। रिश्ते के मरते जाने की हद थी ये, बातों ने भी मानी को ख़ामोश रखा दीवारों ने शोर किया वीरानी का, खिड़की ने वीरानी को ख़ामोश रखा। जाने क्या-क्या और देखना बाक़ी था, आँखों ने हैरानी को ख़ामोश रखा।

पूर्णचन्द्र सा प्यार है मेरा, पर जुगनू सा प्यार तुम्हारा

पूर्णचन्द्र सा प्यार है मेरा, पर जुगनू सा प्यार तुम्हारा इसीलिए अब तक अनगाया, है ये जीवन गीत हमारा। प्रेम हमारा था इक पौधा हमने मिलकर वृक्ष बनाया लेकिन पतझड़ मेरे हिस्से तुमने केवल चाही छाया   तुम मीठा जल पीने वाले, कैसे पीते पानी खारा। इसीलिए अब तक अनगाया, है ये जीवनगीत हमारा।  तन होता जब भी एकाकी मन तब पास चला आता है स्मृतियों की गुँथी चोटियाँ खोल खोल कर उलझाता है  तब पढ़ना पड़ता भूला सा, पाठ दुबारा और तिबारा। इसीलिए अब तक अनगाया, है ये जीवनगीत हमारा।  तुम यदि साधन साध्य समझते हम दोनों अमृत घट भरते इक दूजे को सृजते सृजते अंतर्मन पर सतिये धरते  निष्ठा प्रश्न पूछती तुमने, मुझको शनै: शनै: क्यों हारा। इसीलिए अब तक अनगाया, है ये जीवनगीत हमारा।  दीवारों की दरकन पर मैं कब तक इक तस्वीर सजाऊँ कब तक कड़वे पान के पत्ते पर मिश्री गुलकंद लगाऊँ डूब रही साँसों को देना है, मुझको अब शीघ्र किनारा। इसीलिए अब तक अनगाया है, ये जीवनगीत हमारा

मन के काग़ज़ पर इक दुनिया रोज़ बनाती हूँ।

मन के काग़ज़ पर इक दुनिया रोज़ बनाती हूँ। फिर उस दुनिया के मैं क्या क्या ख़्वाब सजाती हूँ ख़्वाब कि 'जिसमें फूलों जैसा दिल रखते हों लोग औरों के सुख दुख को भी अपना कहते हों लोग ख़्वाब कि 'जिसमें दूर ज़हन से नफरत का तम हो हर मौसम बस प्यार प्यार बस प्यार का मौसम हो  इन अभिलाषाओं के दीपक रोज़ जलाती हूँ। ख़्वाब कि 'जिसमें कोई भूखे पेट न सो पाये जीने का अधिकार और सम्मान न खो पाए ख़्वाब कि 'जिसमें स्वर्ग सी धरती की इक आशा हो मेरी दुनिया की भाषा बस प्यार की भाषा हो  सच होंगें मेरे सपने ख़ुद को समझाती हूँ। ख़्वाब कि 'जिसमें नारी को नारी सा मान मिले हर बचपन के चेहरे पर हरदम मुस्कान खिले ख़्वाब कि 'जिसमें हर यौवन सदराह पे चलता हो और बुज़ुर्गों का जीवन मजबूर न दिखता हो ऐसी सुन्दर दुनिया की बुनियाद उठाती हूँ।

मुस्कुरा लें आज या ख़ुद को रुला लें

रोक रक्खी भावनाओं को बहा लें मुस्कुरा लें आज या ख़ुद को रुला लें  चित्र अनदेखा सा इक उभरा हुआ है रौशनी का हर क़दम ठहरा हुआ है सब हुलासें सब मिठासें गुम गयी हैं मन का चेहरा आजकल उतरा हुआ है  दूधिया एकांत का उबटन लगा लें मुस्कुरा लें आज या ख़ुद को रुला लें  ख़ुद को ख़ुद की ग़लतियों पर डाँट लें हम बस हरापन और सूखा छाँट लें हम  अपनी बाँहों में सिमट आने दें ख़ुद को एक दूजे को बराबर बाँट लें हम  अनछुए सपनों की फिर गृहस्थी बसा लें  मुस्कुरा लें आज या ख़ुद को रुला लें  डर बहुत पक्का है घर कच्चा अगर है नींद की फसलों पे आँधी का कहर है पार पाना पार जाने से है मुमकिन अन्यथा मुश्किल भरा सारा सफ़र है  पर्वती बेचैनियों को हम ढहा लें मुस्कुरा लें आज या ख़ुद को रुला लें

जाने क्यों ये निभा रहे हैं बेमन से दस्तूर

अपने हैं बस थोड़े से हम बाहर के भरपूर जाने क्यों ये निभा रहे हैं बेमन से दस्तूर जैसे लम्बी बाट जोहकर नभ में खिलती भोर हम भी ख़ुद से मिलने आते अपने मन की ओर कभी लिए मन में कोलाहल कभी लिए सन्तूर, अपना जीवन जीते हैं जो औरों के ढंग से दूर रहा करते हैं फिर वो अपने ही संग से अपनी ही आंखों को चुभते होकर चकनाचूर हर पल आओ जी लें जैसे अंतिम है ये पल सत्य छुपा है अपने भीतर बाक़ी सब है छल इसी नज़रिए से मिल पायेगा जीवन को नूर 

गुज़ारिश मेरी बहारों से

सुब्ह फूलों से रात तारों से ज़िन्दगी है इन्हीं नज़ारों से मुक्त होती तो और कुछ होती मैं नदी हूँ तो हूँ किनारों से ख़ुद पे इतना यक़ीन करती हूँ दूर रहती हूँ मैं सहारों से हर कोई चाँद से था बाबस्ता मुझको निस्बत थी बस सितारों से अब जो आएं तो फिर न जाएं कभी है गुज़ारिश मेरी बहारों से

एक सीधा सा सरल सा मन साथ अपने ले गया बचपन!

एक सीधा सा सरल सा मन साथ अपने ले गया बचपन! फ़िक्र से अंजान रहते थे पंछियों जैसे चहकते थे इंद्रधनु जैसी लिये मुस्कान चुलबुली नदिया सी बहते थे मस्तियो से गूंजता आंगन साथ अपने ले गया बचपन हम थे मौलिक गीत के गायक रह गये अब सिर्फ़ अनुवादक कहने को आज़ाद हैं लेकिन ख़्वाहिशों के बन गए बंधक तृप्ति का,संतुष्टि का हर क्षण साथ अपने ले गया बचपन ! प्रेम को व्यापार कर बैठे ज़िन्दगी रफ़्तार कर बैठे जो नहीं था ज़िन्दगी का सच झूठ वो स्वीकार कर बैठे सच को सच कह्ता हुआ दर्पण साथ अपने ले गया बचपन! होके अपने आप तक सीमित साधते हैं सिर्फ अपना हित स्वार्थ की पगडंडियों पे चल कर रहे हैं ख़ुद को संचालि भोर की किरणों सा भोलापन साथ अपने ले गया बचपन

फोन मेमोरी को फुल दिखला रहा है

फोन मेमोरी को फुल दिखला रहा ह है मिटाने को बहुत बतला रहा है सुख के दुख के अनगिनत हिस्से हैं इसमें ज़िन्दगी के मुख़्तसर क़िस्से हैं इसमें  मत समेटो ज़िन्दगी सिखला रहा है रात दिन इसमें उलझते जा रहे हैं मुठ्ठियों से पल फिसलते जा रहे हैं क़ैद में कर के हमें इठला रहा है है किसे फ़ुरसत जो देखेगा पुराना हर नए दिन कुछ नया गढ़ता ज़माना जो जियो उस पल जियो जतला रहा है सेल्फियाँ एडिट बहुत सी कर चुके  हम रंग इनमें ख़ूब सारे भर चुके हम जो हैं वो रहने को मन अकुला रहा है